About me
मेरे बारे में: फिटनेस, व्यवहारिकता और जीवन का संतुलन
नमस्ते, मैं हूँ नितेश मोतीराम बघेल
फिटनेस की इस यात्रा में मैं भी आप जैसा ही एक इंसान हूँ—जो अपने जीवन की जिम्मेदारियों और सेहत के बीच एक बेहतर तालमेल बिठाने की कोशिश कर रहा है।
मेरी कहानी: आजादी से जिम्मेदारी तक
जब मैं 19 साल का था, तब मैंने फिटनेस और रनिंग की दुनिया में कदम रखा था। उस समय जीवन अलग था—कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं थी, और फिटनेस को मेंटेन करना बहुत आसान था। लेकिन जैसे-जैसे जीवन आगे बढ़ा, जिम्मेदारियां बढ़ती गईं और फिटनेस मेरी प्राथमिकता सूची में पीछे छूट गई। 30 साल की उम्र तक मेरा वजन 96 किलो तक पहुँच गया था। भारी वर्कआउट और जिम के जरिए उसे कम करने की कोशिश में मैं चोटिल हो गया। उस अनुभव ने मुझे सिखाया कि फिटनेस का रास्ता सिर्फ मेहनत नहीं, बल्कि 'सही समझ' है। आज मैं 35 साल का हु और मेरा वजन अब 75 किलो है और अपने अगले लक्ष्य (70 किलो) की ओर पूरी मेहनत से बढ़ रहा हूँ।
अनुभव और समझ
मेरे कई करीबी दोस्त प्रोफेशनल एथलीट और ट्रेनर हैं। पिछले 8-10 वर्षों से उनके साथ मेरी जो चर्चाएं रही हैं, उनसे मुझे फिटनेस के विज्ञान और तकनीक की एक गहरी समझ मिली है। मैं उनकी मेहनत का सम्मान करता हूँ। यह समझ मुझे मेरे अनुभवों से मिली है, जिसके जरिए हम फिटनेस के जटिल सिद्धांतों को सरल भाषा में समझ सकते हैं और साथ मिलकर उन्हें सुलझाने की कोशिश कर सकते हैं। चाहे आप फिटनेस की शुरुआत कर रहे हों या आपके पास वर्कआउट तकनीक से जुड़े कुछ एडवांस सवाल हों, हम साथ मिलकर सही और सटीक समाधान खोजने की कोशिश करेंगे।
फिटनेस का महत्व: मेरे नजरिए से
मेरे लिए फिटनेस केवल एक शौक नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन के लिए उतना ही जरूरी है जितना कि हमारा खानपान और हमारी सांसें। जब हम शारीरिक रूप से फिट रहते हैं, तो हमारा मानसिक संतुलन भी फिट रहता है। यही वह मानसिक मजबूती है जो हमें जीवन के कड़े दौर और चुनौतियों भरे सफर को आराम से तय करने और उनसे पार पाने की शक्ति देती है।
आइए, साथ में शुरुआत करें
मेरी कोशिश रहेगी कि फिटनेस की इसी सही समझ को आप लोगों के साथ साझा करूँ, जो न केवल हमें शारीरिक रूप से चुस्त रखे, बल्कि हमें मानसिक रूप से भी मजबूत बनाए।
आप अपने सवाल और चुनौतियां मुझसे साझा करें। हम साथ मिलकर आपकी परिस्थिति को समझेंगे और उसका सही समाधान खोजने की कोशिश करेंगे। अपने विचार और अनुभव कमेंट्स में जरूर साझा करें, मुझे आपके अनुभवों को जानने का इंतजार रहेगा।

Bahut badhiya 👏👏
जवाब देंहटाएंधन्यवाद हम से जुड़े रहने के लिए
हटाएं